देवभोग_गरियाबंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "नया सवेरा अभियान" के तहत देवभोग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 13,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना देवभोग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुम्हड़ई कला स्थित तेल नदी पुल और बेलाट नाला के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से बिक्री एवं परिवहन के लिए रखी गई अवैध महुआ शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद उरपाल (35 वर्ष), निवासी सरगीबहली तथा अभीराम यादव (32 वर्ष), निवासी पोड़पारा, देवभोग के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।



