Top News

गरियाबंद पुलिस का डबल अटैक: 24 घंटे में 7 तस्कर गिरफ्तार, ₹5.48 लाख का गांजा और बोलेरो जब्त

फिंगेश्वर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, एंड-टू-एंड जांच में रायपुर से खरीदार भी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क, गरियाबंद

गरियाबंद_ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.961 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब ₹5.48 लाख आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो वाहन, पांच टचस्क्रीन मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना फिंगेश्वर पुलिस ने 24 और 25 जुलाई को दो बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

पहली कार्रवाई: बोलेरो से गांजा तस्करी का खुलासा

24 जुलाई को राजिम-छुरा-महासमुंद मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो (CG18L6718) को रोककर तलाशी ली। वाहन से 2.982 किलोग्राम गांजा, तीन टचस्क्रीन मोबाइल और बोलेरो वाहन जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा रायपुर में बेचने ले जाया जा रहा था। एंड-टू-एंड जांच के बाद पुलिस ने रायपुर के दो कथित खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी कार्रवाई: सूने मकान से 7.979 किलो गांजा बरामद

25 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर थाना फिंगेश्वर पुलिस ने ग्राम बोरसी के चैतरा मोड़ के पास एक सूने मकान में दबिश दी। यहां से 7.979 किलोग्राम गांजा और दो टचस्क्रीन मोबाइल बरामद किए गए। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Previous Post Next Post