देवभोग रोड से मैनपुर की ओर आ रही डस्टर कार को बैरिकेडिंग कर रोका, पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश नाकाम; कुल 54.99 लाख रुपये की जब्ती
गरियाबंद_ गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मैनपुर थाना क्षेत्र में 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.37 लाख रुपये मूल्य का गांजा, एक डस्टर कार और दो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 54 लाख 99 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गांजा और शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 जुलाई 2026 को थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की डस्टर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर देवभोग रोड से मैनपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने झरियाबहरा तिराहा के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध डस्टर कार दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस ने तत्काल बैरिकेड लगाकर कार को घेर लिया और दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान आर्यन मालवीय (20 वर्ष) एवं अभिषेक महेस्कर (23 वर्ष) निवासी इछावर, जिला सीहोर (मध्य प्रदेश) के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51 लाख 37 हजार 500 रुपये मूल्य का गांजा, 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत की डस्टर कार तथा 11 हजार 500 रुपये कीमत के दो मोबाइल जब्त किए। कुल जब्ती 54 लाख 99 हजार रुपये की रही।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना मैनपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



