महिला सशक्तिकरण, साहसिक पर्यटन और सुरक्षित यात्रा का दिया संदेश, ग्रामीण संस्कृति से भी हुईं रूबरू
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
राजधानी रायपुर से निकली 'छत्तीसगढ़ मोटो क्वीन' महिला बाइक राइडर्स का दल अपनी साहसिक यात्रा के दौरान सोमवार को गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुल्हाड़ीघाट पहुंचा। यहां महिला बाइकर्स ने प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर देवधारा जलप्रपात का भ्रमण कर इसकी मनमोहक वादियों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सुरक्षित पर्यटन और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया।
प्राकृतिक सौंदर्य ने किया मंत्रमुग्ध
घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित देवधारा जलप्रपात की खूबसूरती ने महिला बाइकर्स को काफी प्रभावित किया। उन्होंने यहां के प्राकृतिक वातावरण, स्वच्छ जलधारा और हरियाली का आनंद लेते हुए इसे छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक बताया।
मैनपुर पुलिस रही हर कदम पर साथ
पूरे भ्रमण के दौरान मैनपुर पुलिस महिला राइडर्स की सुरक्षा और सहयोग के लिए मुस्तैद रही। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाली, बल्कि क्षेत्र के ऐतिहासिक, भौगोलिक और पर्यटन महत्व की जानकारी भी साझा की। पुलिस की इस सकारात्मक पहल की महिला बाइकर्स ने खुलकर सराहना की।
ग्रामीणों और वनवासियों से किया आत्मीय संवाद
यात्रा के दौरान मोटो क्वीन समूह की सदस्यों ने कुल्हाड़ीघाट के स्थानीय ग्रामीणों और वनवासी परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी संस्कृति, परंपराओं, रहन-सहन और जीवनशैली को करीब से जाना तथा उनके साथ यादगार पल बिताए। ग्रामीणों ने भी महिला बाइकर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सुरक्षित पर्यटन का दिया संदेश
महिला राइडर्स ने कहा कि गरियाबंद और बस्तर जैसे प्राकृतिक एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस का सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था महिला पर्यटकों का आत्मविश्वास बढ़ाती है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से साहसिक पर्यटन और बाइक राइडिंग से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
महिला बाइकर्स के इस दौरे से कुल्हाड़ीघाट और देवधारा जलप्रपात जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगे।

