![]() |
| AI जनरेट फोटो |
मैनपुर_ गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित जनहानि को रोकने के लिए राजस्व विभाग की टीमें लगातार गांव-गांव पहुंचकर कच्चे एवं जर्जर मकानों का निरीक्षण कर रही हैं। मैनपुर तहसीलदार सुशील कुमार भोई स्वयं राजस्व विभाग की टीम के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
इसी बीच मैनपुर विकासखंड के इंदागांव ग्राम पंचायत के मेटपारा में मंगलवार देर रात तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया था। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हालात का जायजा लिया।
घायलों का जाना हाल, उपचार की ली जानकारी
तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने घायल परिजनों के उपचार की जानकारी ली। गंभीर रूप से घायल 3 परिवार सहित अन्य 3 बच्चे की स्थिति पर अधिकारियों ने नजर रखी। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हरसंभव मदद करेगा और शासन के नियमानुसार मिलने वाली क्षतिपूर्ति एवं राहत राशि दिलाने की पूरी प्रक्रिया प्राथमिकता से कराई जाएगी।
हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा
तहसीलदार ने परिवार को आश्वस्त किया कि वे किसी भी प्रकार की चिंता न करें। प्रशासन उनके साथ खड़ा है और राहत सामग्री, आवश्यक सहायता तथा अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी
लगातार बारिश को देखते हुए राजस्व विभाग की टीमें कच्चे और जर्जर मकानों की पहचान कर रही हैं। जहां खतरा अधिक है, वहां परिवारों को पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवनों में सुरक्षित स्थानांतरित किया जा रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में जेसीबी के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था भी कराई जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि जर्जर मकानों में रहने से बचें और खतरा महसूस होने पर तत्काल प्रशासन या राजस्व अमले को सूचना दें। नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन की सक्रियता से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजस्व विभाग की टीमें 24 घंटे निगरानी और सहायता के लिए तैयार हैं।





