file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

टाइगर रिजर्व के जंगल में ‘हवाई जंग’! छोटे पक्षियों ने सर्पेंट ईगल को खदेड़ा, कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ ‘मॉबिंग’ व्यवहार

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

विश्व पर्यावरण दिवस पर सामने आया रोमांचक वीडियो, घोंसले और बच्चों की सुरक्षा के लिए ईगल पर बार-बार किया हमला

गरियाबंद_ उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के दक्षिण उदंती परिक्षेत्र के घने जंगल में वन्यजीव प्रेमियों को प्रकृति का एक दुर्लभ और रोमांचक नजारा देखने को मिला। यहां Indian Paradise Flycatcher और White-browed Fantail जैसे छोटे पक्षियों ने अपने घोंसले, अंडों और बच्चों की सुरक्षा के लिए एक बड़े शिकारी पक्षी Crested Serpent Eagle पर साहसिक हमला कर उसे अपने क्षेत्र से खदेड़ने की कोशिश की।

बीट गार्ड ताकेश्वर देवांगन द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों छोटे पक्षी लगातार ईगल के सिर और पीठ पर चोंच से प्रहार कर रहे हैं। आकार में बेहद छोटे होने के बावजूद इन पक्षियों ने शिकारी पक्षी के सामने अद्भुत साहस और रणनीति का परिचय दिया।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार के रक्षात्मक और आक्रामक व्यवहार को “मॉबिंग (Mobbing)” कहा जाता है। इसमें छोटे पक्षी किसी बड़े शिकारी को अपने घोंसले या बच्चों के लिए खतरा मानते हुए सामूहिक रूप से परेशान करते हैं और उसे क्षेत्र छोड़ने के लिए मजबूर करते हैं। यह व्यवहार पक्षियों में बच्चों और अंडों की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक तरीका माना जाता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामने आया यह वीडियो जंगलों में जीव-जंतुओं के अद्भुत व्यवहार और जैव विविधता की अनोखी झलक प्रस्तुत करता है। यह दृश्य दर्शाता है कि प्रकृति में आकार नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व और संतानों की रक्षा का जज्बा सबसे बड़ा होता है।