अमलीपदर_गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नयापारा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भैयालाल सोनवानी (37 वर्ष) निवासी ढेबगुड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसा देर रात हुआ, जिससे काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर अमलीपदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ।


