गरियाबंद_वन विभाग ने सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों के घरों में सर्च वारंट के तहत छापेमारी की। कार्रवाई की भनक आरोपियों को पहले ही लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने सागौन चिरान को छिपाने के लिए तालाब में फेंक दिया और कुछ लकड़ियों को जमीन में गाड़ दिया।
छापेमारी के दौरान वन विभाग ने स्निफर डॉग की मदद ली। स्निफर डॉग की सहायता से छिपाकर रखी गई सागौन लकड़ी का पता लगाया गया और उसे बरामद कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान तालाब और जमीन में छिपाई गई सागौन चिरान को निकालकर जब्त किया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के अनुसार सागौन तस्करी से जुड़े मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जब्त सामग्री का मूल्यांकन किया जा रहा है।
वन विभाग ने बताया कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



