Top News

देवभोग अस्पताल के सामने मिले पर्स को स्वास्थ्य कर्मी ने लौटाया, प्रभारी बीईटीओ आरसी वर्मा ने पेश की ईमानदारी और मानवता की मिसाल


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_आज के दौर में जहां छोटी-छोटी चीजों के लिए भी लोग परेशान हो जाते हैं, वहीं ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करने वाले लोग समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। ऐसा ही एक सराहनीय मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग के सामने देखने को मिला, जहां प्रभारी बीईटीओ आरसी वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग के स्वास्थ्य कर्मी ने मिले पर्स को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर ईमानदारी का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल के सामने एक पर्स मिला था। पर्स में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, कुछ सिक्के और नकदी रखी हुई थी। इसमें दो 100-100 रुपये के नोट, एक 200 रुपये का नोट और दो 500-500 रुपये के नोट सहित कुल 1,400 रुपये थे।

पर्स में मिले आधार कार्ड के आधार पर उसके मालिक की पहचान फकीरों नामक व्यक्ति के रूप में हुई, जो ग्राम कोतमेर, ओडिशा का निवासी बताया गया। इसके बाद साथी कमलेश नागेश के माध्यम से संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया गया। जानकारी की पुष्टि होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग बुलाया गया और उसका पर्स सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।

इस तरह प्रभारी बीईटीओ आरसी वर्मा ने न केवल एक व्यक्ति की खोई हुई वस्तु उसे वापस दिलाई, बल्कि ईमानदारी, जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का संदेश भी दिया।

पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के लिए भी रहते हैं चर्चित

प्रभारी बीईटीओ आरसी वर्मा पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण जैसे कार्यों को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। ऐसे में खोया हुआ पर्स उसके मालिक को लौटाने की यह पहल उनके सामाजिक सरोकार और मानवीय सोच को दर्शाती है। आज के समय में इस तरह के छोटे लेकिन महत्वपूर्ण कार्य समाज में विश्वास और सकारात्मकता को मजबूत करते हैं। प्रभारी बीईटीओ आरसी वर्मा की इस पहल की सराहना की जा रही है।

Previous Post Next Post