Top News

जनता की सुरक्षा पर फोकस: एसपी ने डायल-112 टीम को दिया अलर्ट रहने का मंत्र

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने डायल-112 शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में रिस्पांस टाइम, शिकायतों के निस्तारण और मैदानी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

"सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस, नहीं चलेगी देरी"

बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि डायल-112 संकट में फंसे लोगों की पहली उम्मीद है। ऐसे में सूचना मिलने के बाद वाहन तत्काल रवाना हों और न्यूनतम समय में घटना स्थल तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

एसपी ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता और पीड़ितों से विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करें। पुलिस का व्यवहार ऐसा हो जिससे लोगों का भरोसा और मजबूत हो।

डार्क स्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष नजर

बैठक में जिले के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों और डार्क स्पॉट्स पर डायल-112 वाहनों को हमेशा अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही गश्त के दौरान सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

वाहनों के उपकरण हमेशा रखें चालू हालत में

एसपी ने कहा कि डायल-112 वाहनों में लगे वायरलेस सेट, जीपीएस, फर्स्ट एड किट और अन्य तकनीकी उपकरण हर समय कार्यशील स्थिति में होने चाहिए ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न आए।

बड़ी घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दें

उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी गंभीर या बड़ी घटना की जानकारी तुरंत संबंधित थाना और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बेहतर काम करने वालों की सराहना, लापरवाहों को चेतावनी

बैठक के दौरान एसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों की प्रशंसा की, वहीं कार्य में ढिलाई बरतने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात/डायल-112) सहित शाखा के सभी प्रभारी और मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post