Top News

गरियाबंद में किरायेदारों और बाहरी लोगों पर पुलिस की पैनी नजर, सभी वार्डों में चलेगा सत्यापन अभियान 105 घरों की जांच, 6 टीमों ने घर-घर पहुंचकर खंगाले रिकॉर्ड; संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने किरायेदारों एवं बाहर से आकर निवास कर रहे लोगों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के दर्रापारा (केशोडार) सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस की 6 अलग-अलग टीमों ने घर-घर पहुंचकर कुल 105 मकानों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान किरायेदारों की जानकारी जुटाई गई, उनके पहचान दस्तावेजों की जांच की गई तथा मकान मालिकों से निर्धारित प्रपत्र में जानकारी प्राप्त की गई।
पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों एवं जिलों से आकर रह रहे लोगों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए उनके मूल निवास स्थान के थानों से भी जानकारी मंगाई जा रही है।
पुलिस ने मकान मालिकों को "समाधान ऐप" की जानकारी देते हुए किरायेदार सत्यापन की ऑनलाइन प्रक्रिया से भी अवगत कराया और सभी से अनिवार्य रूप से किरायेदारों का सत्यापन कराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि नगर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गरियाबंद नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करते हुए किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की अपील की।
Previous Post Next Post