देवभोग_देवभोग ब्लॉक के ग्राम कैटपदर में आंधी-तूफान के बाद सड़क पर गिरे पेड़ों और बाधित आवाजाही की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। खबर सामने आते ही देवभोग तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और सुबह से ही राहत व्यवस्था में जुट गए।
कैटपदर से ओडिशा बॉर्डर के बीच सड़क पर बड़े-बड़े पेड़ गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया था। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासनिक पहल के बाद मौके पर पहुंचकर जेसीबी और ग्रामीणों की मदद से रास्ता साफ कराया गया। इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, उपसरपंच गोपनाथ नागेश, दिनेश अग्रवाल सहित गांव के कई ग्रामीण भी राहत कार्य में जुटे रहे। सभी के सामूहिक प्रयास से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर आवागमन फिर से शुरू कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि खबर के माध्यम से समस्या सामने आने के बाद तत्काल समाधान की दिशा में काम शुरू हुआ, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।


