file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

देवभोग प्रसूता मौत मामला: जांच में पहुंची गरियाबंद से पांच सदस्यीय टीम, देवमाता श्री हॉस्पिटल में दस्तावेज खंगाले

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद जिले के देवभोग स्थित देवमाता श्री हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के मामले ने अब प्रशासनिक स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद हुए हाईवे जाम और ग्रामीणों के आक्रोश के बीच स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्यीय जांच टीम गरियाबंद से देवभोग पहुंची।

टीम ने अस्पताल पहुंचकर इलाज से जुड़े दस्तावेज, भर्ती रजिस्टर, ड्यूटी स्टाफ की जानकारी और प्रसव के दौरान की गई उपचार प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है। जांच टीम ने अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी भी मांगी है।

गौरतलब है कि प्रसूता भानुमति मांझी (30 वर्ष) की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 130-C पर शव रखकर चक्काजाम किया था और अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।

प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है। वहीं जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।