गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_जिला कलेक्टर गरियाबंद के निर्देश पर देवभोग तहसीलदार अजय चंद्रवंशी एवं जनगणना प्रभारी विजय कश्यप ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में जनगणना की प्रोग्रेस रिपोर्ट का विस्तार से जायजा लिया गया तथा लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि पूरे देवभोग ब्लॉक में कुल 163 जनगणना ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें से अब तक 53 ब्लॉक का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं शेष अधिकांश ब्लॉकों में लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है और बाकी कार्य तेजी से जारी है।
कोई परिवार सर्वे से न छूटे : तहसीलदार
तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि जनगणना शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी सुपरवाइजर एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी परिवार सर्वेक्षण से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा सभी जानकारी सही और समय पर दर्ज की जाए।
समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बैठक में तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर जनगणना कार्य पूर्ण करना प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों में कार्य धीमा है वहां अतिरिक्त सक्रियता दिखाने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
गांव स्तर तक बढ़ाई गई निगरानी
प्रशासन अब गांव स्तर पर भी लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। सुपरवाइजरों को फील्ड में नियमित भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा छूटे हुए परिवारों का तत्काल सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार समीक्षा बैठकों और प्रशासनिक सक्रियता के चलते देवभोग ब्लॉक में जनगणना कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।











