IMG-20251013-WA0049

मैनपुर में कलेक्टर की सख्त समीक्षा बैठक: पीएम आवास की धीमी प्रगति पर फटकार, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_कलेक्टर बी.एस. उइके और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने गुरुवार को मैनपुर जनपद पंचायत सभाकक्ष में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन ग्राम पंचायतों में जाकर हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें। जिन सचिवों द्वारा पंचायत जाने में लापरवाही बरती जा रही है, उन्हें प्रतिदिन अपने कार्यों की लोकेशन और पंचायत में उपस्थिति का फोटो जिला कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पंचायतवार स्वीकृत कार्य, प्रगतिरत कार्य, हितग्राहियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय किश्त का वितरण तथा प्रारंभ और अप्रारंभ निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने और चल रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

अवैध वसूली पर सख्त चेतावनी

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वे, जिओ टैगिंग या किश्त जारी करने के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायत नहीं आनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत मिलती है तो संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनमन आवास और कृषि विविधीकरण पर जोर

बैठक में जनमन योजना के अंतर्गत बन रहे आवासों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मैनपुर क्षेत्र के किसानों को धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन और मक्का जैसी अन्य फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था पर निर्देश

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए गांवों में पेयजल की स्थिति का अभी से आकलन करें। जिन गांवों में समस्या की आशंका है वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, बाउंड्रीवाल, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नए आंगनबाड़ी भवनों को स्कूल परिसर, गांव के मध्य या समीप बनाने के लिए कहा गया। बैठक में एसडीएम रामसिंह सोरी, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव सहित विकासखंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।