गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में 211वीं वाहिनी, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा जनसहयोग कार्यक्रम (Civic Action Program) का सफल आयोजन जुगाड़ (जिला गरियाबंद) में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माध्यमिक एवं प्राथमिक पाठशाला जुगाड़ के प्रांगण में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में कमांडेंट श्री विजय प्रताप, द्वितीय अधिकारी (2IC) श्री रंजन कुमार बहाली तथा बी/211 बटालियन के समवाय अधिकारी श्री वकील कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर थाना प्रभारी यदु राज ठाकुर, बीएमओ डॉ. गजेन्द्र ध्रुव, संकुल प्रभारी प्रकाश देवांगन, प्राचार्य रामेश्वर सिंह नागेश, आकाश यादव सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जरूरतमंदों को मिली उपयोगी सामग्री
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग और संवाद को मजबूत करना रहा। इस दौरान ग्रामीणों को उनकी दैनिक जरूरतों से जुड़ी सामग्री जैसे सिंटेक्स टंकी, साड़ी, कंबल, लुंगी, गमछा, बर्तन (डेक्चा, पतीला), चप्पल, सोलर लाइट, कृषि उपकरण (गैंती, फावड़ा) वितरित किए गए।
इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए क्रिकेट किट, फुटबॉल किट, वॉलीबॉल किट, स्कूल यूनिफॉर्म, नोटबुक, पुस्तकें, पेंसिल बॉक्स एवं पेन प्रदान किए गए, जिससे शिक्षा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत 211वीं बटालियन की चिकित्सा अधिकारी डॉ. देविनैनी तपस्विनी एवं उनकी टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर ध्यान दिया गया।
शांति और विकास के लिए प्रेरणा
कमांडेंट श्री विजय प्रताप ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें विकासात्मक योजनाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने हेतु सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने नक्सल विचारधारा से दूर रहकर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील भी की।
पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। इस पहल ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों और जनता के बीच विश्वास की नई मिसाल पेश की है।












