IMG-20251013-WA0049

पुलिस सख्त: होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, राजिम–पिपरछेड़ी–अमलीपदर में शांति समिति की बैठक


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

यातायात नियम तोड़ने वालों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

गरियाबंद। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के थाना राजिम, पिपरछेड़ी एवं अमलीपदर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देश एवं राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई, जिसमें एसडीएम/तहसीलदार, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रमुख एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में सभी ने होली पर्व को पारंपरिक गरिमा और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान हुड़दंग मचाने, जबरन रंग लगाने, शराब के नशे में वाहन चलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, परीक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय

स्कूली बच्चों की चल रही परीक्षाओं को देखते हुए डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शोर-शराबे से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, यह सभी की जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान रहने की अपील

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई। साथ ही ग्राम कोटवारों को गांवों में मुनादी कर बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और शांति के साथ होली मनाने की अपील करते हुए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।