IMG-20251013-WA0049

पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही पर झाखरपारा–दिवानमुड़ा सड़क पर बवाल: घटिया मरम्मत देख भड़के विधायक जनक राम ध्रुव, बोले– “सड़क की लड़ाई विधानसभा तक जाएगी”

मांडागांव किसान मेला में उठी शिकायत, मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_जनक राम ध्रुव उस समय नाराज़ नजर आए जब ग्रामीणों ने मांडागांव में आयोजित किसान मेले के दौरान झाखरपारा से दिवानमुड़ा के बीच चल रहे सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। शिकायत मिलते ही विधायक सीधे मरम्मत स्थल पर पहुंचे और काम की हकीकत देख भड़क उठे।

“स्तरहीन काम बर्दाश्त नहीं” – मौके से ही अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान सड़क की परत कई जगह से उखड़ती दिखाई दी। विधायक ने मौके से ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनता के पैसों से हो रहे काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

65 लाख की मरम्मत पर उठे सवाल

जनपद सदस्य असलम मेमन ने बताया कि करीब 65 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीण कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने अनसुना कर दिया। उनका आरोप है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि मरम्मत पूरी होने से पहले ही परत उखड़ने लगी है।

विधानसभा तक गूंजेगा मामला

कांग्रेस विधायक ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा। उन्होंने इसे जनता के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि सड़क की यह लड़ाई अब आर-पार की होगी।

आंदोलन की तैयारी में ग्रामीण

लगातार अनदेखी से नाराज़ ग्रामीण अब आंदोलन की तैयारी में हैं। क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।