गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_होली पर्व से पहले आमजन के चेहरों पर मुस्कान लौटाने की अनोखी पहल करते हुए गरियाबंद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 78 गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
CEIR पोर्टल से मिली सफलता
पुलिस अधिकारियों की सराहनीय पहल के तहत गुम मोबाइलों को (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया गया। यह भारत सरकार द्वारा जारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए चोरी या गुम हुए मोबाइल के IMEI नंबर को ट्रैक कर वर्तमान में उपयोग हो रही सिम की जानकारी प्राप्त की जाती है।
साइबर सेल की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के चलते इन मोबाइलों को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर संबंधित व्यक्तियों को सौंपा गया।
होली का तोहफा
होली के पहले इस पहल को लोगों ने “खुशियों की सौगात” बताया। मोबाइल पाकर कई लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आमजन से अपील
गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम हो जाता है तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी थाना या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मोबाइल गुम हो जाने पर सबसे पहले क्या करें?
- तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल में सूचना दें।
- निम्न दस्तावेज एवं जानकारी साथ लेकर जाएं –
- मोबाइल नंबर
- IMEI नंबर
- डिवाइस ब्रांड एवं मॉडल
- मोबाइल की खरीद रसीद
- मोबाइल खोने की तारीख और स्थान
- मोबाइल स्वामी का नाम एवं पता
- आधार कार्ड की प्रति
गरियाबंद पुलिस की यह सक्रियता न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की खुशियों की भी जिम्मेदारी बखूबी निभाई जा रही है।











