IMG-20251013-WA0049

देवभोग में बढ़े संपत्तिकर पर आपत्ति, भाजपा नेत्री अनिता विकास उपाध्याय ने जनता को राहत देने की उठाई मांग

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_नगर पंचायत देवभोग क्षेत्र में लागू संपत्तिकर की अधिक दरों को लेकर जनअसंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा मंडल देवभोग की महामंत्री अनिता विकास उपाध्याय ने नगर पंचायत अध्यक्ष के नाम एक औपचारिक ज्ञापन सौंपते हुए संपत्तिकर की दरों में कमी किए जाने की मांग की है।

इस अवसर पर चंद्रशेखर सोनवानी (भाजपा अजा प्रदेश प्रवक्ता),भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी मंडल महामंत्री श्रीमती अनिता उपाध्याय,भाजपा नेता अरविंद तिवारी तथा दीनदयाल सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में बढ़े हुए संपत्तिकर को आम जनता के लिए अनुचित बताते हुए इसे शीघ्र कम करने की मांग की।

ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया कि नगर पंचायत देवभोग की जनता सीमित आय और बढ़ती महंगाई के बीच पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही है। ऐसे समय में अन्य नगर पंचायतों की तुलना में देवभोग में संपत्तिकर की दरें अत्यधिक होना आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। जिले की अन्य नगर पंचायतों में जहां संपत्तिकर की दरें 6 से 8 प्रतिशत के आसपास हैं, वहीं देवभोग नगर पंचायत में यह दर 18 से 20 प्रतिशत तक निर्धारित की गई है, जो असमानता को दर्शाती है। अनिता विकास उपाध्याय ने कहा कि देवभोग नगर पंचायत की आर्थिक स्थिति अन्य नगर पंचायतों से किसी भी प्रकार से बेहतर नहीं है, इसके बावजूद यहां संपत्तिकर की दरें अधिक होना न्यायसंगत नहीं है। अधिक कर भार के कारण कई नागरिक समय पर कर भुगतान करने में असमर्थ हो रहे हैं, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने नगर पंचायत से आग्रह किया कि जनहित एवं समानता के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए देवभोग नगर पंचायत में संपत्तिकर की दरों को यथोचित रूप से कम किया जाए अथवा जिले की अन्य नगर पंचायतों के समान दरें लागू की जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि नगर पंचायत प्रशासन जनता की भावनाओं को समझते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगा और शीघ्र ही उचित कार्रवाई करेगा।