IMG-20251013-WA0049

गरियाबंद पुलिस को बड़ी कामयाबी: नक्सलियों का हथियार व विस्फोटक डम्प ध्वस्त, 303 रायफल सहित भारी मात्रा में सामग्री बरामद

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिला गरियाबंद के नक्सल प्रभावित जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नक्सलियों द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर छुपाकर रखे गए हथियार एवं विस्फोटक सामग्री को पुलिस ने बरामद कर नक्सली मंसूबों को नाकाम कर दिया है।

जिला पुलिस बल ई-30 ऑपरेशन, सीएएफ एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम कुकरार तथा थाना पीपरछेड़ी अंतर्गत ग्राम कमारभौदी के पहाड़ी/जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा डम्प की गई एक 303 रायफल (पुलिस बल से लूटी गई), एक देशी पिस्टल सहित भारी मात्रा में विस्फोटक एवं संचार उपकरण बरामद किए गए।

🔸 बरामद सामग्री में शामिल:

  • 01 नग 303 रायफल (पुलिस बल से लूटी गई)
  • 01 नग देशी पिस्टल
  • 12 बोर के 31 राउंड
  • 8 एमएम के 48 कारतूस
  • डेटोनेटर – 43 नग
  • सोलर प्लेट – 02 नग
  • वॉकी-टॉकी – 02 नग
  • मल्टीमीटर – 01 नग
  • इन्वर्टर – 01 नग
  • अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित माओवादी संगठन धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के माओवादियों द्वारा पुलिस पार्टी एवं ग्रामीणों को नुकसान पहुंचाने तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से उक्त विस्फोटक सामग्री छुपाकर रखी गई थी।

जिला गरियाबंद के आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचना तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीडीएस टीम द्वारा डम्प एरिया में सघन सर्च किया गया, जिसके बाद उक्त सामग्री को विधिवत जप्त किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।

इस कार्रवाई को माओवादियों की विनाशकारी योजनाओं पर करारा प्रहार माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को मजबूती मिली है।