IMG-20251013-WA0049

देवभोग नगर पंचायत की सराहनीय पहल — आवारा कुत्तों का एंटी-रेबीज टीकाकरण अभियान तेज़ी से जारी

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_ नागरिकों की सुरक्षा और पशु-जनित रोगों की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत देवभोग द्वारा आवारा कुत्तों का एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया है। नगर पंचायत प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम वार्डों में पहुँचकर सुरक्षित तरीके से कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण कर रही है।

नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में एवं सीएमओ दुष्यंत साहू की निगरानी में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो क्रमवार वार्डों का दौरा कर मौके पर ही कुत्तों का टीकाकरण कर रही हैं। इसके साथ ही पालिका की टीम स्थानीय नागरिकों को जागरूक करते हुए सावधानियाँ और सुरक्षात्मक उपाय भी बता रही है।

नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुष्यंत कुमार साहू और नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने बताया— “रेबीज से बचाव का एकमात्र और सबसे प्रभावी उपाय एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन है। देवभोग में अधिक से अधिक आवारा कुत्तों को टीकाकरण के दायरे में लाकर सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”

नगर पंचायत देवभोग की यह पहल न सिर्फ शहर को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का भी उदाहरण है।