IMG-20251013-WA0049

सांसद खेल महोत्सव 2025: देवभोग में उमड़ा खेल भावना का उत्सव, खिलाड़ियों ने दिखाया जोश और अनुशासन का अद्भुत संगम


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_नगर पंचायत देवभोग के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित संसद खेल महोत्सव 2025 के संकुल स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह और सहभागिता देखने लायक रही। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, शतरंज, फुगड़ी और गेड़ी जैसे पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों में शानदार प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। मैदान में खेलते खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन और टीमवर्क देखकर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे।सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना जगाना है। यह आयोजन अब एक जन-आंदोलन का स्वरूप ले रहा है, जिसमें हर आयु वर्ग की भागीदारी प्रेरणादायी है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष देवभोग, जगमोहन पटेल ने कहा —“सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह बच्चों में स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना पैदा करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। युवा पीढ़ी में खेलों के प्रति रुचि और समर्पण देखकर हमें गर्व है। ऐसे आयोजनों से न केवल प्रतिभा निखरती है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित होती है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा की महामंत्री श्रीमती अनीता विकास उपाध्याय ने कहा —“सांसद खेल महोत्सव सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक अभियान है जो हमारे गांव-गांव तक खेलों की लौ जला रहा है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। आज के ये बच्चे कल के राष्ट्र निर्माता हैं। हमें गर्व है कि देवभोग के खिलाड़ी इस महोत्सव में पूरे जोश और समर्पण के साथ हिस्सा ले रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चे नशा, तनाव और मोबाइल की लत से दूर होकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकते हैं। समाज के हर वर्ग को ऐसे आयोजनों में सहयोग देना चाहिए ताकि हर बच्चा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे आरटीआई जिला प्रकोष्ठ सदस्य पदुलोचन मरकाम, पार्षद श्रीमती देवकी यदु,श्रीमती प्रतिभा आशीष पांडेय,भाजपा नेता बिलभद्र यदु और समाजसेवक महेश्वर यदु भी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और खेलों को युवाओं के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।

संकुल के सभी शिक्षक, खेल प्रशिक्षक और विद्यालय परिवार की मेहनत से यह आयोजन सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा। अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया और अगले चरण के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गईं।