Top News

छत्तीसगढ़ न्यूज वेब की खबर का असर: खजूरपदर पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी

वार्ड पंच के निधन के बाद रिक्त पद की सूचना नहीं देने का मामला, जिला पंचायत सीईओ ने मांगा जवाब


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क, छत्तीसगढ़

मैनपुर_ गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खजूरपदर में वार्ड पंच के निधन के बाद रिक्त हुए पद की सूचना उच्च अधिकारियों को नहीं देने के मामले में जिला पंचायत प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव रूपेंद्र यादव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मामले के अनुसार, ग्राम पंचायत खजूरपदर के वार्ड क्रमांक 08 के वार्ड पंच संतोष कुमार बिसी का निधन 31 मार्च 2026 को हो गया था। जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि मृत्यु प्रमाण पत्र 11 अप्रैल 2026 को जारी होने के बावजूद वार्ड पंच का पद रिक्त होने की सूचना जनपद पंचायत मैनपुर को नहीं दी गई। इसके चलते रिक्त पद पर उपचुनाव की प्रक्रिया प्रभावित होने की बात कही गई है।

जिला पंचायत गरियाबंद के कार्यालय से 24 अक्टूबर 2026 को जारी कारण बताओ नोटिस में पंचायत सचिव पर अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का उल्लेख किया गया है। नोटिस में छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी देते हुए संबंधित सचिव को तीन दिवस के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़ न्यूज ने प्रमुखता से उठाया था मामला_

ग्राम पंचायत खजूरपदर में वार्ड पंच के निधन के बाद भी रिक्त पद की जानकारी उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंचने का मामला छत्तीसगढ़ न्यूज पोर्टल ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद अब जिला पंचायत प्रशासन की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया है।

इस कार्रवाई के बाद पंचायत स्तर पर रिक्त पदों की सूचना समय पर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में आवश्यक जानकारी देने की जिम्मेदारी एक बार फिर चर्चा में है।

अब सचिव के जवाब पर नजर_

जिला पंचायत प्रशासन ने संबंधित सचिव से निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण मांगा है। अब यह देखना होगा कि सचिव की ओर से क्या जवाब प्रस्तुत किया जाता है और प्रशासन आगे क्या निर्णय लेता है। फिलहाल जारी नोटिस कारण बताओ कार्रवाई का हिस्सा है; अंतिम कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्टीकरण और विभागीय निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।

Previous Post Next Post