Top News

गरियाबंद में राज्योत्सव से लेकर धान खरीदी तक की तैयारियों की समीक्षा, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

2 नवंबर को पुलिस परेड ग्राउंड में होगा राज्योत्सव, 11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह; धान खरीदी केंद्रों में बारदाने और साफ-सफाई की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क, छत्तीसगढ़

गरियाबंद_ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी राज्योत्सव, जनजातीय गौरव सप्ताह, धान खरीदी की तैयारियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

राज्योत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश_

कलेक्टर शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के अवसर पर 2 नवंबर को पुलिस परेड ग्राउंड में राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने और विभागीय स्टॉल व्यवस्थित ढंग से लगाने के निर्देश दिए। इस वर्ष राज्योत्सव 2026 की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह_

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा, कला और गौरवशाली इतिहास पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय क्रांतिवीरों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और प्रमुख जनजातीय व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा।

कलेक्टर ने करमा महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनजातीय विकास प्रदर्शनी, कला-शिल्प, पारंपरिक व्यंजन, पुस्तक मेला, जनजातीय वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी तथा चित्रकला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी बेहतर तरीके से संपन्न कराने को कहा।

धान खरीदी की तैयारियों पर विशेष जोर_

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि अब तक 80 प्रतिशत बारदाने एकत्रित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने शेष बारदाने की व्यवस्था भी समय पर पूरी करने को कहा, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मतदाता सूची में युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर_

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं के अग्रिम पंजीयन तथा पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को भू-अर्जन के प्रकरणों में विशेष सावधानी बरतते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्यपाल के गोद ग्राम बिजली में शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।

मकान क्षति के प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण_

बैठक में मकान क्षति से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को नियमानुसार पात्र हितग्राहियों के लिए सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को शासन की सहायता का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर निर्देश_

बैठक में बस्तर मुन्ने योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार, योजना के अंतर्गत संचालित 36 योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, विद्यार्थियों और किसानों सहित विभिन्न वर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है।

कलेक्टर शर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post