Top News

DEOBHOG NEWS: धान छोड़ दूसरी फसल लगाने वाले किसानों के लिए बड़ी खबर, कृषक उन्नति योजना में मिलेगा प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तक का लाभ

पिछले साल धान लगाने वाले किसान को इस साल अन्य फसल पर ₹15 हजार प्रति एकड़, नए फसल पैटर्न वाले किसानों को 10 हजार रुपए का प्रावधान

फाइल फोटो ai जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
 

देवभोग_ किसानों को धान के अलावा अन्य फसलों की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत पिछले वर्ष धान की खेती करने वाले और इस वर्ष उसी भूमि पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया जाएगा।

पिछले साल धान, इस साल दूसरी फसल तो 15 हजार रुपए प्रति एकड़

योजना के अनुसार ऐसे किसान, जिन्होंने पिछले वर्ष अपनी भूमि पर धान की फसल लगाई थी, लेकिन इस वर्ष उसी भूमि पर धान के स्थान पर कोई अन्य फसल लगाई है, उन्हें 15,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से योजना का लाभ दिया जाएगा।

वहीं ऐसे किसान जिन्होंने पिछले वर्ष भी धान की जगह कोई अन्य फसल लगाई थी और इस वर्ष भी अन्य फसल ही लगाई है, उन्हें 10,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से भुगतान किए जाने का प्रावधान है।

योजना का लाभ लेने पंजीयन जरूरी

कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए किसान का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन होना अनिवार्य है। पंजीयन के लिए किसान को उसी सहकारी समिति में जाकर पंजीयन कराना होगा, जहां वह अपना धान बेचता है।

किसानों से अपील की गई है कि वे समय पर संबंधित समिति में पहुंचकर अपना पंजीयन कराएं, ताकि योजना के तहत मिलने वाली सहायता का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कृषि विभाग ने किसानों से की अपील

किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पात्र किसान संबंधित समिति में जाकर एकीकृत किसान पोर्टल पर अपना पंजीयन अवश्य कराएं।

 वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ललित यादव

Previous Post Next Post