सुबह दिशा-शौच के लिए निकली थी उकरी बाई, हाटमोहा गांव में तेंदुए के हमले से दहशत
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_जिले के सड़कपारसुली वन परिक्षेत्र के ग्राम हाटमोहा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुबह दिशा-शौच के लिए घर से बाहर निकली करीब 70 वर्षीय उकरी बाई भुंजिया, पति जोहर सिंह भुंजिया, पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक तेंदुआ महिला को घर के बाहर से उठाकर ले गया। घटना के बाद जब महिला की तलाश शुरू की गई तो करीब 1 किलोमीटर दूर उसका शव बरामद हुआ।
गांव में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस-वन विभाग की टीम
घटना पीपरछड़ी थाना क्षेत्र की है। महिला का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटना की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।
तेंदुए के हमले की खबर फैलते ही हाटमोहा गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


