पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला के नेतृत्व में जिला स्तरीय आंदोलन, केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर साधा निशाना

मुख्यालय स्थित तिरंगा चौक में कांग्रेस ने एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़

गरियाबंद_चीनी की बढ़ती कीमतों और घरेलू खाद्य वस्तुओं में लगातार हो रही महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित तिरंगा चौक में कांग्रेस ने एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन किया। पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की गई।
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। खाद्य सामग्री से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नेताओं ने कहा कि त्योहारों के समय भी महंगाई का असर आम जनता पर साफ दिखाई दे रहा है।
महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह का किया उल्लेख
पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने का रहा है। कांग्रेस ने अंग्रेजी हुकूमत के दौर में भी जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी और महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए नमक सत्याग्रह जैसे आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि आज देश में चीनी और अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस को सत्याग्रह के माध्यम से जनता की आवाज उठानी पड़ रही है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई को लेकर सरकार के पास आम जनता को संतोषजनक जवाब देने के लिए कोई ठोस हिसाब नहीं है।
शुक्ला ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
सत्याग्रह आंदोलन में सुखचंद बेसरा, अमित मिरी, नीरज ठाकुर, लोकेन्द्र कोमरा, प्रेम सोनवानी, भानु सिन्हा, रमेश मेश्राम, पवन सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से चीनी सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई पर प्रभावी कदम उठाकर आम जनता को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

