गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_ शासकीय हाईस्कूल जामगांव में छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 32 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई।
साइकिल मिली तो चेहरे पर आई मुस्कान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच परमानंद नागेश एवं विशेष अतिथि बलराम नागेश ने छात्राओं को साइकिल वितरित की। नई साइकिल हाथ में आते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
छात्राओं ने बताया कि साइकिल मिलने से अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्र से स्कूल पहुंचने वाली छात्राओं के लिए यह सुविधा पढ़ाई जारी रखने में मददगार साबित होगी।
शिक्षा के साथ लक्ष्य पर फोकस का संदेश
अतिथियों ने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ उनकी शैक्षणिक यात्रा को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। 32 छात्राओं को मिली साइकिल उनके लिए केवल आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का एक नया सहारा बनी।


