Top News

ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहा था 7.72 लाख का गांजा, मैनपुर पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

15.44 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल बजाज पल्सर जब्त


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

मैनपुर_ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो युवकों को 15.44 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत पुलिस ने करीब 7 लाख 72 हजार रुपये बताई है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर लगाया गया चेकपोस्ट

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को मैनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति महाराष्ट्र पासिंग वाली काले-नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झरियाबहरा के पास चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की।

इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके बैग से 15.44 किलो गांजा बरामद हुआ।

दोनों आरोपी नासिक महाराष्ट्र के निवासी

पुलिस ने आरोपियों की पहचान रोहित दत्त साल्वे (26) निवासी पंचवटी, नासिक और आनंद रामदास लौंधे (22) निवासी कुंभारवाड़ा, नासिक के रूप में की है। पुलिस ने गांजा और घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर क्रमांक MH-15-KP-7573 को गवाहों के समक्ष जब्त किया।

मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जप्त सामग्री: 15.44 किलो गांजा, कीमत करीब 7.72 लाख रुपये एवं बजाज पल्सर मोटरसाइकिल।

पुलिस कार्रवाई: थाना मैनपुर पुलिस टीम।

Previous Post Next Post