स्कूल-कॉलेज और पर्यटन स्थलों पर जागरूकता अभियान, QR कोड स्कैन कर सेल्फी सोशल मीडिया पर शेयर करने की अपील
गरियाबंद_छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। 15 अगस्त से 22 अगस्त तक चल रहे प्रथम सप्ताह के अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
20 अगस्त 2026 को गरियाबंद पुलिस ने छात्रों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस ने डिजिटल तकनीक और सेल्फी को जागरूकता का माध्यम बनाया।
कार्यक्रम स्थलों पर विशेष QR कोड उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस ने लोगों से QR कोड स्कैन करने के बाद अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर शेयर करने की अपील की, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और आम नागरिकों को आसान एवं प्रभावी तरीके से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंकिंग एवं निजी जानकारी किसी से साझा न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
छत्तीसगढ़ पुलिस का यह अभियान जिले में सुरक्षित डिजिटल वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



