Top News

मुख्यमंत्री के हाथों गरियाबंद पुलिस के चार जांबाज हुए सम्मानित, 'पुलिस पत्रिका जज़्बा अवार्ड-2026' से बढ़ाया जिले का मान

राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू, एसपी कार्यालय के उप निरीक्षक संजय सिंह क्षत्रिय, देवभोग के प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर और आरक्षक अशोक मिंज को मिला राज्य स्तरीय सम्मान।



गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ गरियाबंद पुलिस के लिए मंगलवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। राजधानी रायपुर में आयोजित 'पुलिस पत्रिका जज़्बा अवार्ड-2026' समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस उपलब्धि ने पूरे पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है।

चार पुलिसकर्मियों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान

राज्य के विभिन्न जिलों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 42 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें गरियाबंद जिले के चार पुलिसकर्मियों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली के दम पर यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया।

सम्मानित पुलिसकर्मी:

  • निरीक्षक अमृत साहू, थाना प्रभारी राजिम – क्राइम डिटेक्शन, कानून-व्यवस्था एवं जन-पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य।
  • उप निरीक्षक संजय सिंह क्षत्रिय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय गरियाबंद – प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों में सराहनीय योगदान।
  • प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर, थाना देवभोग – क्राइम डिटेक्शन और मैदानी पुलिसिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन।
  • आरक्षक अशोक मिंज, पुलिस अधीक्षक कार्यालय गरियाबंद – कार्यालयीन कार्यों में निष्ठावान सेवा।

एसपी ने दी बधाई

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री के हाथों मिला यह सम्मान उनकी मेहनत, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यह उपलब्धि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और उन्हें और बेहतर कार्य करने का उत्साह देगी।

गरियाबंद पुलिस का बढ़ा सम्मान

'पुलिस पत्रिका जज़्बा अवार्ड-2026' से सम्मानित होकर गरियाबंद पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान है। यह सम्मान जिले की पुलिस टीम के मनोबल को नई ऊंचाई देगा।

Previous Post Next Post