मैनपुर पुलिस ने जीड़ार तिराहा में घेराबंदी कर पकड़ा, दो स्कूटी से 8 किलो गांजा और वाहन जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई.....
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
मैनपुर_गरियाबंद पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। मैनपुर पुलिस ने राजस्थान के दो तस्करों को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे फिल्मी अंदाज में स्कूटी के पार्ट्स के भीतर गांजा छिपाकर छत्तीसगढ़ में तस्करी के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है, तथा तस्करी में प्रयुक्त दो स्कूटी जब्त की हैं। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी दौरान थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी में गांजा छिपाकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जीड़ार तिराहा में घेराबंदी कर दोनों स्कूटी को रोक लिया। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस ने स्कूटी के पार्ट्स को खोलकर बारीकी से तलाशी ली तो सभी हैरान रह गए। तस्करों ने स्कूटी के गुप्त हिस्सों में बेहद शातिर तरीके से गांजा छिपा रखा था। दोनों स्कूटी से 4-4 किलोग्राम, कुल 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन कुमार भील (29 वर्ष) और शिवप्रसाद सैनी (31 वर्ष), दोनों निवासी कोटा (राजस्थान), के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




