भाषण, देशभक्ति गीत-नृत्य और दो मिनट के मौन के साथ शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क, देवभोग
देवभोग_कारगिल विजय दिवस के अवसर पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, मुंगझर में रविवार को विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद विद्यालय प्रार्थना और स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने समूहगान प्रस्तुत किया, वहीं कक्षा 4, 5 एवं 6 के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर कक्षा 12 की छात्रा कनीज़ फातिमा, कक्षा 11 के निकुंज अग्रवाल एवं चेस्टा, कक्षा 6 की चेस्टा नेताम तथा कक्षा 5 के साई देव साहू ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। विद्यालय के सीसीए प्रभारी नीरज कुमार साहू ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि उन वीर जवानों के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुमीता सिंह ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें वीर सैनिकों के त्याग और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन कक्षा 8वीं के मुहूर्त कश्यप, चुनमुन साहू एवं चिराग राजपुरोहित ने किया। अंत में राष्ट्रगान एवं दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था।



