Top News

बारिश के बीच खेत में मिली अधेड़ की लाश, साइकिल और छतरी बरामद, जांच में जुटी पुलिस


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदागांव के आमलाभाठा के पास सोमवार को एक खेत में अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सगड़ा ग्राम के टिकरापारा निवासी भवन ध्रुव के रूप में हुई है। घटनास्थल पर उनकी साइकिल और पलटी हुई छतरी भी मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक बारिश के दौरान साइकिल से कहीं जा रहे थे।

ग्रामीणों का अनुमान है कि तेज बारिश में एक हाथ में छतरी और दूसरे हाथ से साइकिल चलाने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया होगा, जिससे वे खेत में गिर पड़े। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारंभिक संभावना है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं सावधानी बरतने की आवश्यकता को भी दर्शाती हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Previous Post Next Post