गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आईं करीब 30 महिला बाइकर्स की मोटो क्वींस एडवेंचर टीम रविवार को जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद पहुंची। इस दौरान पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। महिला बाइकर्स का यह अभियान प्रदेशभर में महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
रायपुर से राजिम होते हुए गरियाबंद पहुंची इस टीम में गृहिणियां, छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिकाएं, आईटी प्रोफेशनल और व्यवसायी महिलाएं शामिल हैं। लंबी दूरी की बाइक यात्रा के माध्यम से ये महिलाएं समाज को यह संदेश दे रही हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। टीम का उद्देश्य केवल एडवेंचर करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और अनुशासन का संदेश देना भी है।
गरियाबंद पहुंचने के बाद टीम उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओड़ क्षेत्र का भ्रमण करेगी। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, एसडीओपी निशा सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
महिला बाइकर्स ने कहा कि उनका यह अभियान केवल रोमांचक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षित यातायात, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने की एक सार्थक पहल है।

