IMG-20251013-WA0049

टाइगर रिजर्व में ‘सागौन माफिया’ पर बड़ा प्रहार: सीमा पार तस्करी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_की एंटी पोचिंग यूनिट ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संयुक्त ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस की टीमों ने समन्वित रणनीति के तहत सफलता हासिल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिजर्व क्षेत्र में सागौन वृक्षों की अवैध कटाई कर फर्नीचर निर्माण के लिए तस्करी किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। उप निदेशक के मार्गदर्शन और अधिकारियों की निगरानी में टीम ने ओडिशा के सीमावर्ती गांवों में छापेमारी कर आरोपी के ठिकानों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान सागौन से निर्मित फर्नीचर, स्लीपर और अन्य सामग्री बरामद की गई, जिससे अवैध कटाई और तस्करी की पुष्टि हुई। मुख्य आरोपी मनबोध पिता कुसपद माली को 4 अप्रैल की रात गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ लाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध कटाई के स्थान की निशानदेही भी की, जहां वन अमले ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं एवं व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

6 अप्रैल को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग, एंटी पोचिंग यूनिट और दोनों राज्यों की पुलिस का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।