IMG-20251013-WA0049

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.5 लाख के हीरों के साथ उड़ीसा का तस्कर गिरफ्तार, एक सप्ताह में दूसरी सफलता

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। 01 अप्रैल 2026 को गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 08 नग कीमती हीरों (लगभग 4 लाख रुपये) के साथ उड़ीसा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि यह एक सप्ताह के भीतर हीरा तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों को अवैध हीरा परिवहन एवं बिक्री की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना के आधार पर स्पेशल टीम एवं थाना शोभा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देश के परिपालन में टीम ने ग्राम कुसियार बरछा, कचना ध्रुवा मंदिर के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर एक संदिग्ध व्यक्ति लाल-काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक OD 24 N 6802) में बहुमूल्य चमकीले खनिज (हीरा) लेकर ग्राहक की तलाश करता मिला।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम डमरू लाल लहरे (52 वर्ष), निवासी अधिकारिगुड़ा, उमरकोट थाना, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 08 नग छोटे-बड़े कीमती हीरे (कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये) एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार रुपये) जब्त की गई। इस प्रकार कुल जप्ती 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में स्पेशल टीम एवं थाना शोभा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही