गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम MCP कार्रवाई के तहत खुटगांव चेकपोस्ट पर तैनात थी। इस दौरान उड़ीसा के धरमगढ़ की ओर से देवभोग की ओर पैदल आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम काला कान्हू उर्फ कान्हा टांडी (24 वर्ष), निवासी साल्हेकेला वार्ड क्रमांक 2, थाना बोडेन जिला नुवापाड़ा (उड़ीसा) बताया।
संदेह के आधार पर युवक के पास मौजूद सफेद प्लास्टिक थैला और काले रंग के पिट्ठू बैग की गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो अलग-अलग पैकेटों में कुल 25 किलो गांजा बरामद हुआ। इसमें 15 किलो गांजा (कीमत 7.50 लाख रुपये) सफेद थैले में तथा 10 किलो गांजा (कीमत 5 लाख रुपये) नीले पैकेट में मिला।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जप्त सामग्री:
25 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत 12.50 लाख रुपये)
गिरफ्तार आरोपी:
काला कान्हू उर्फ कान्हा टांडी (24 वर्ष), निवासी नुवापाड़ा, उड़ीसा










