Top News

गरियाबंद के लिए ऐतिहासिक सौगात: 10 नई एंबुलेंस से स्वास्थ्य सेवाओं को मिली मजबूती, सुपेबेड़ा-अमलीपदर को बड़ी राहत

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में राज्य सरकार ने 10 नई एंबुलेंस की सौगात दी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है। यह पहल विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी, जहां समय पर उपचार की सुविधा अब और सुलभ हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन एंबुलेंस में 1 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) और 2 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एंबुलेंस जिला अस्पताल गरियाबंद को प्रदान की गई हैं। इसके अलावा राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर, देवभोग, अमलीपदर और सुपेबेड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जिससे जिलेभर में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का नेटवर्क और सुदृढ़ हुआ है।

विशेष रूप से सुपेबेड़ा, जो लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र रहा है, वहां एंबुलेंस की उपलब्धता से मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। गंभीर परिस्थितियों में समय पर उपचार मिलने से जनजीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं अमलीपदर क्षेत्र में भी एंबुलेंस की सुविधा मिलने से स्थानीय नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं प्रभावी हो जाएंगी।

इस संबंध में भाजपा जिला मंत्री डॉ. मनीष कुमार सिन्हा (निवासी – अमलीपदर) ने कहा कि यह उपलब्धि सरकार की जनकल्याणकारी सोच और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार लंबे समय से आवश्यक था, जिसे अब प्राथमिकता के साथ पूरा किया गया है।

डॉ. सिन्हा ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम निश्चित रूप से जिले के नागरिकों के लिए राहत और विश्वास का नया आधार बनेगा।

Previous Post Next Post