Top News

कलेक्टर की सख्ती: बैठक से गायब अधिकारियों पर नोटिस, अधूरे कार्य बारिश से पहले पूरा करने के निर्देश

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने गरियाबंद विकासखंड की योजनाओं की प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, जनपद पंचायत सीईओ श्री के.एस. नागेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

समीक्षा के दौरान जल संसाधन और वन विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य और श्रम विभाग के अधिकारी बिना पूर्व सूचना बैठक में शामिल नहीं हुए, जिस पर उन्हें भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

अधूरे निर्माण कार्यों पर सख्त निर्देश

कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटे स्तर के अधूरे कार्य—जैसे पुल-पुलिया, आंगनबाड़ी भवन और प्रधानमंत्री आवास—को बरसात से पहले हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर लाभ मिल सके।

बैंकों में भीड़ कम करने के उपाय

किसानों की बैंकों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों को एटीएम के माध्यम से राशि निकासी के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए, ताकि समय की बचत हो सके।

15वें वित्त की राशि का उपयोग

कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों को 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग मूलभूत सुविधाओं—स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और नल-जल योजना के सुधार—में करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत स्तर पर जलकर निर्धारण करने को भी कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा

प्रधानमंत्री जनमन के तहत पंचायतवार स्वीकृत आवास, प्रथम किस्त जारी होने और शेष एफटीओ की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने हितग्राहियों को समयसीमा में आवास निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

शिक्षा और आंगनबाड़ी व्यवस्था की जांच

शिक्षा विभाग की समीक्षा में साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति, आधार और अपार आईडी, पेयजल व शौचालय की स्थिति पर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि छात्रवृत्ति और साइकिल का वितरण पूर्ण हो चुका है।
महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय, पेयजल, बिजली और भवन निर्माण की स्थिति पर भी रिपोर्ट ली गई।

मैदानी अमले को सतत भ्रमण के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने और पलायन करने वाले श्रमिकों का पंचायत स्तर पर रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी राज्यों से आए लोगों की जानकारी संपर्क नंबर सहित दर्ज करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में संपर्क किया जा सके।

अच्छे कार्य करने वालों की सराहना, लापरवाहों पर कार्रवाई

बैठक में बेहतर कार्य करने वाले पंचायत सचिवों—घुटकुनवापारा, दांतबायकला, कौंदकेरा और परसुली—की सराहना की गई। वहीं पाथरमोंहदा, खम्हारीपारा और कुसुमबुड़ा के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बिन्द्रनवागढ़ के सचिव की कार्यों में रुचि नहीं लेने पर उनके स्थानांतरण के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं को समयसीमा में पूर्ण करना अनिवार्य होगा।

Previous Post Next Post