गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद,_जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 18.575 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 9 लाख 28 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी मैनपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पहली कार्रवाई ग्राम झरियाबाहरा से नगरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर की गई, जहां एक पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर 14.075 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस दौरान दो आरोपी — सरजन कुमार विश्वकर्मा (20 वर्ष) निवासी राजगढ़ (म.प्र.) एवं दिलीप बारोड़ (45 वर्ष) निवासी इंदौर (म.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजा की कीमत लगभग 7 लाख 3 हजार 750 रुपये तथा प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई मैनपुरकला मोड़, बूढ़ादेव मंदिर के पास नेशनल हाईवे पर की गई। यहां पुलिस ने एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल सवार आरोपी अंकुर (22 वर्ष) निवासी राजगढ़ (म.प्र.) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 4.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
जप्त सामग्री:
- 18.575 किलोग्राम गांजा (कुल कीमत: ₹9,28,750)
- 2 पल्सर मोटरसाइकिल (कुल कीमत: ₹3,00,000)
गिरफ्तार आरोपी:
- सरजन कुमार विश्वकर्मा (राजगढ़, म.प्र.)
- दिलीप बारोड़ (इंदौर, म.प्र.)
- अंकुर (राजगढ़, m.प्र.)
यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को मजबूती देने वाली मानी जा रही है।










