गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद/ओडिशा_ में वन्यजीव शिकार की बड़ी साजिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया। संयुक्त कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
17 फरवरी 2026 को व्याघ्र परियोजना क्षेत्र में गश्त के दौरान वन अमले को संरक्षित वनक्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। जांच में पता चला कि आरोपियों द्वारा जाल और तार फंदे लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करने की तैयारी की गई थी। मौके से करीब 70 रस्सी फंदे और 108 केबल वायर फंदे बरामद कर जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ के वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संरक्षित क्षेत्र में शिकार की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस सफल कार्रवाई में वन विभाग की टीम और स्थानीय अमले की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वन्यजीव अपराध की किसी भी सूचना को तत्काल विभाग तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।











