गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
मैनपुर_राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देवभोग से रायपुर की ओर जा रहा रुई से लदा ट्रक क्रमांक CG-XX-1109 इंदागांव और बुड़गेलटप्पा के बीच मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। यह दुर्घटना रात लगभग 2 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
ट्रक पलटते ही राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर यात्री बसों, ट्रकों और निजी वाहनों की लंबी कतार लग गई। मार्ग अवरुद्ध होने से यातायात घंटों तक पूरी तरह ठप रहा। कड़ाके की ठंड में यात्रियों और वाहन चालकों को जंगल क्षेत्र में रात गुजारनी पड़ी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीएम
घटना की जानकारी मिलते ही मैनपुर एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम तड़के सुबह स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके निर्देशन में प्रशासनिक अमले और पुलिस की मदद से जेसीबी मशीन लगाकर पलटे ट्रक को सड़क से हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।
एसडीएम मरकाम का बयान एसडीएम डॉ. तुलसीदास मरकाम ने कहा_
“समय रहते मौके पर पहुंचकर सड़क से वाहन हटाया गया। राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। एक लेन सड़क और तीखे मोड़ों के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की जाती है।”
एक लेन सड़क बनी परेशानी की जड़
राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी पर झरियाबाहरा से मदांगमुड़ा तक सड़क एक लेन होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही में बार-बार दुर्घटनाएं और जाम की स्थिति बनती है। स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा उपायों की मांग फिर उठाई है।










