IMG-20251013-WA0049

देवभोग में फिर झकझोरा देने वाली घटना, घर से नहाने निकला युवक सोहन मरकाम नहीं लौटा, रात में मिली लाश

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग थाना क्षेत्र के टिकरापारा गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव निवासी सोहन मरकाम (उम्र 17 वर्ष) दोपहर करीब 12 बजे नहाने के लिए घर से निकला, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। जब देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चला, तो ग्रामीणों और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी तलाश शुरू की। खेत-खलिहान और डाबरी क्षेत्र में खोजबीन के दौरान रात करीब 10 बजे, टिकरापारा गांव से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अपने ही खेत में, सोहन मरकाम का शव खुद के पेड़ में फांसी के फंदे पर झूलता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही गांव में सनसनी फैल गई।

पिता टेकश्याम मरकाम, तीन भाइयों में सबसे बड़ा था सोहन

मृतक सोहन मरकाम के पिता का नाम टेकश्याम मरकाम है। परिवार में तीन भाई हैं, जिनमें सोहन सबसे बड़ा था। उसके दोनों छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

रात में पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी तत्काल देवभोग पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं

फिलहाल नाबालिग द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

क्षेत्र में बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय

गौरतलब है कि देवभोग क्षेत्र में इसी माह इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल है। नाबालिग की इस मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।