गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_गरियाबंद जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर द्वारा आज दिनांक 27 दिसंबर 2025 को जिले के घोर नक्सल प्रभावित पुलिस कैंप छिंदौला, ओढ़ एवं कुल्हाड़ीघाट का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंप में तैनात जवानों से मुलाकात कर उनकी ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
जवानों से संवाद, अनुशासन व स्वास्थ्य पर दिया जोर
कैंप निरीक्षण के दौरान एसपी वेदव्रत सिरमौर ने पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें दैनिक दिनचर्या के साथ नियमित व्यायाम एवं योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वस्थ शरीर और सतर्क मन ही विषम परिस्थितियों में सफलता की कुंजी है।
नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचे एसपी, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण पश्चात पुलिस अधीक्षक ने छिंदौला, ओढ़, कुल्हाड़ीघाट एवं अमलोर गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान वे ग्रामीणों, बच्चों, महिलाओं एवं गांव के प्रमुखों से रूबरू हुए और उनसे खुलकर बातचीत की।
ग्रामीणों ने रखी मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं
ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक के समक्ष बिजली, पानी, स्कूल, भवन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए एसपी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
पुलिस–जन सहयोग से ही संभव है क्षेत्र का विकास : एसपी
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सहयोग से ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।
यह दौरा न केवल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा रहा, बल्कि नक्सल प्रभावित अंचलों में भरोसे और विकास की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है।












