गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_जिला प्रशासन की तत्पर एवं मानवीय पहल से देवभोग क्षेत्र के 5 बंधक श्रमिकों एवं उनके 7 बच्चों को तेलंगाना राज्य के खम्मम जिले स्थित एक ईंट भट्ठे से सुरक्षित मुक्त कराया गया। यह संयुक्त रेस्क्यू कार्रवाई कलेक्टर श्री बी.एस. उइके के नेतृत्व तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रमिकों को ईंट भट्ठे में बंधक बनाकर रखा गया था। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर 28 दिसम्बर को मौके पर पहुंचकर सभी श्रमिकों एवं बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बच्चों को मिला संरक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण व काउंसलिंग
मुक्त कराए गए परिवारों के 7 बच्चों को जिला मुख्यालय लाया गया, जहां जिला बाल संरक्षण समिति द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। साथ ही बच्चों के लिए अस्थायी आवास, भोजन एवं आवश्यक देखभाल की व्यवस्था की गई। बच्चों और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग भी कराई गई, ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त हो सकें।
पुनर्वास की प्रक्रिया जारी
जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री अनिल द्विवेदी ने बताया कि सभी श्रमिकों एवं बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर ली गई है तथा पुनर्वास एवं सहायता से संबंधित आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी है।
रेस्क्यू दल की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में रेस्क्यू दल के सदस्यों—
श्रम निरीक्षक मनीष बंजार,डीसीपीयू (महिला एवं बाल विकास) गोपाल सिंह कंवर,श्रम कल्याण निरीक्षक पुणानंद साहू,राजस्व अधिकारी अजय देवांगन,प्रधान आरक्षक करम जांगड़े एवं विजय मिश्रा—की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।










