IMG-20251013-WA0049

अवैध धान तस्करी पर करारी चोट! खाद्य–सहकारिता–मंडी के संयुक्त दल की बड़ी कार्रवाई, 100 पैकेट अवैध धान के साथ 407 वाहन जब्त, थाना देवभोग के सुपुर्द

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_धान खरीदी सत्र के दौरान अवैध धान परिवहन एवं तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं मंडी समिति के संयुक्त दल ने देवभोग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से धान का परिवहन कर रहे एक 407 वाहन को पकड़ा है।

संयुक्त दल द्वारा की गई जांच के दौरान उक्त वाहन में कुल 100 पैकेट अवैध धान पाया गया, जिसके संबंध में वाहन चालक एवं संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रथम दृष्टया धान का परिवहन शासन के निर्देशों एवं मंडी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 407 वाहन सहित 100 पैकेट धान को जब्त किया तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना देवभोग के अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है, वहीं खाद्य, सहकारिता एवं मंडी विभाग द्वारा भी नियमानुसार कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सत्र के दौरान अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। आने वाले दिनों में भी देवभोग एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि किसानों के हितों की रक्षा की जा सके और अवैध तस्करी पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।

संयुक्त दल की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।