IMG-20251013-WA0049

कलेक्टर उइके का औचक निरीक्षण,दफ्तरों में मचा हड़कंप कार्यालयीन समय में नदारद 09 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस,वेतन कटौती के निर्देश

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_नववर्ष के पहले ही दिन कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने संयुक्त जिला कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन समय में बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए 09 अधिकारी-कर्मचारियों पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन कटौती के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री उइके ने खाद्य, श्रम, योजना एवं सांख्यिकी, खनिज, निर्वाचन शाखा, पीएमजीएसवाय, शिक्षा, आबकारी, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास, उद्यानिकी विभाग एवं लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा-शाखा जाकर उपस्थिति, फाइलों के संधारण, स्वच्छता व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शासकीय सेवक निर्धारित समय में कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने जिला अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों में समयपालन सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।

ड्रेस कोड और स्वच्छता पर सख्ती

कलेक्टर ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस में ही कार्यालय आने के निर्देश दिए। साथ ही शाखाओं में नस्तियों के व्यवस्थित संधारण, पुराने व अनुपयोगी फाइलों के त्वरित डिस्पोजल तथा सभी आलमारियों में फाइल सूची चस्पा करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में पारदर्शिता और गति बनी रहे।

कैंटीन और लोक सेवा केंद्र का भी निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित भुतेश्वरनाथ कैंटीन के रसोई कक्ष का अवलोकन कर साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक सेवा केंद्र में आधार सुधार हेतु मैनपुर से आईं दो स्कूली छात्राओं की समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।

परिसर की सफाई पर फटकार

कलेक्ट्रेट परिसर में फैली गंदगी और इधर-उधर पड़े कचरे पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक श्री सुदामा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।