गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लापरवाही उजागर होने पर अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, देवभोग ने दो बूथ लेवल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य भर में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्य तेज़ी से चल रहा है, लेकिन देवभोग के दो मतदान केन्द्रों में डिजिटाइजेशन की प्रगति अत्यंत धीमी पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
पहला नोटिस – माधुरीशरण नेताम (सहा. शिक्षक, बीएलओ – भतराबहली)
मतदान केन्द्र क्रमांक 239 – भतराबहली में कुल 645 मतदाता पंजीकृत हैं, परंतु अब तक केवल 37 मतदाताओं का ही Enumeration Form डिजिटाइजेशन किया गया है। SDM ने इसे "अत्यंत खेदजनक एवं निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति उदासीनता" बताया है।
दूसरा नोटिस – लखीधर मांझी (रोजगार सहायक, बीएलओ – सुकलीभाठा नवीन)
मतदान केन्द्र 228 – सुकलीभाठा नवीन में कुल 625 मतदाताओं में से सिर्फ 45 मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटाइजेशन किया गया है। प्रशासन के अनुसार यह प्रगति निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
आज शाम 3 बजे तक जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि:-
बीएलओ को आज दोपहर 3 बजे तक संबंधित तहसीलदार के माध्यम से अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा।
समय पर जवाब नहीं मिलने या जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश—निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता
एसडीएम देवभोग ने कहा है कि निर्वाचन से जुड़े किसी भी कार्य में ढिलाई या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुपरवाइजरों और तहसील स्तर के अधिकारियों को भी प्रगति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।












